बागपत , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में करीब दस दिन पूर्व मिली महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर मृतका का आधार कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 12 फरवरी को बागपत कोतवाली क्षेत्र के टटीरी-महनवा मार्ग पर एक महिला का शव बरामद हुआ था। जांच में पता चला कि 11 फरवरी की रात महिला घर लौट रही थी, तभी टटीरी निवासी राजेश पुत्र रोहतास ने उसे रोककर दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। वारदात के बाद वह फरार हो गया था।

एसपी ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, 300 से ज्यादा मोबाइल नंबरों की ट्रेसिंग की गई तथा लगभग 150 लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद आरोपी राजेश को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और पूर्व में भी मामलों में शामिल रहा है। पत्नी से विवाद के चलते वह 22 महीने जेल में रह चुका है। उसके पास से मृतका का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित