बागपत , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के खेकड़ा कस्बे के खंड विकास कार्यालय में शुक्रवार को एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा और सीओ रोहन चौरसिया के बीच तीखी बहस हो गई।

जिलाध्यक्ष ने सीओ पर धक्का देकर बाहर निकालने का प्रयास करने का आरोप लगाया। इससे आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता मतदान केंद्र पर धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे एएसपी प्रवीण चौहान ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई। सीओ के खेद व्यक्त करने के बाद भाजपाइयों ने धरना समाप्त कर दिया।

खंड विकास कार्यालय में शुक्रवार को एमएलसी की स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए मतदान चल रहा था। शाम करीब पौने चार बजे भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा मतदान केंद्र पर पहुंचे। वहां कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे सीओ पर पक्षपात करने की शिकायत की। इस पर जिलाध्यक्ष ने सीओ से बात की। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। नीरज शर्मा ने आरोप लगाया कि सीओ ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई और उन्होंने धरना शुरू कर दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक योगेश धामा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र गुर्जर, चेयरमैन प्रतिनिधि सुनील धामा, प्रवेंद्र धामा, मनुपाल बंसल, संदीप प्रजापति, सन्नी गुप्ता, नवीन शर्मा समेत जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपेटियों को सील कराकर पोलिंग पार्टी को रवाना किया। साथ ही अन्य थानों की पुलिस को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। सूचना पर एएसपी प्रवीण चौहान मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं से वार्ता की। इसके बाद सीओ रोहन चौरसिया को भी धरनास्थल पर बुलाया गया। सीओ के घटनाक्रम पर खेद व्यक्त करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित