बागपत , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत नगर स्थित पंचमुखी मंदिर में ब्राह्मण बटुकों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमित राणा ने बटुकों को वेद पुस्तक, तख्ती, थैला और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके लिए भोजन की व्यवस्था भी कराई। बटुकों द्वारा वेद मंत्रों के उच्चारण से वातावरण भक्तिमय हो गया।
पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने कहा कि बटुकों का सम्मान करना समाज का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि देश की प्राचीन सनातन संस्कृति आज भी जीवंत है और ब्राह्मण समाज का सदैव सभी वर्गों ने सम्मान किया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा ब्राह्मणों के सम्मान की परंपरा का भी उल्लेख किया।
पूर्व नपाध्यक्ष अमित राणा ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव पूजनीय रहा है और उनका सम्मान समाज के लिए हितकारी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा साधु-संतों को सम्मान दिया है और उनके आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर 101 बटुकों का तिलक कर सम्मान किया था। इस अवसर पर उन्होंने पत्नी नम्रता पाठक के साथ बटुकों की पूजा-अर्चना की और पुष्पवर्षा की। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित