बागपत , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश के बागपत शहर में फर्जी डिग्री के सहारे अल्ट्रासाउंड सेंटर खोलने का बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया है।
नोडल अधिकारी डॉ. मसूद अनवर की सतर्कता से खुद को एमडी रेडियोलॉजिस्ट बताने वाली महिला चिकित्सक की डिग्री जांच में फर्जी निकली। स्वास्थ्य विभाग ने आवेदन निरस्त कर महिला चिकित्सक और संचालक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार गत माह शहर में नया सेंटर खोलने के लिए आवेदन आया था। पीएनडीटी एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. मसूद अनवर ने साक्षात्कार के दौरान महिला के जवाबों पर शक होने पर डिग्री का विश्वविद्यालय से सत्यापन कराया, जिसमें वह फर्जी निकली। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
डॉ. अनवर ने बताया कि अब जिले के सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच और चिकित्सकों की डिग्री का दोबारा सत्यापन होगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
वहीं जिलाधिकारी के निर्देश पर जल्द ही नई व्यवस्था लागू होगी, जिसमें प्रत्येक अल्ट्रासाउंड से पहले नामित चिकित्सक को अंगूठा स्कैन करना अनिवार्य होगा, तभी मशीन चालू हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित