बागपत , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में आगामी नवरात्र (दुर्गा पूजा) और दशहरा पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह के निर्देशन में पूरे जनपद को 05 जोन, 13 सेक्टर और 54 सब-सेक्टर में बांटा गया है।

जोन की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारियों को, सेक्टर में प्रभारी निरीक्षक, निरीक्षक और सब-सेक्टर में चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया, कानून व्यवस्था के लिए जनपद में 01 अपर पुलिस अधीक्षक, 05 सीओ, 19 निरीक्षक, 60 उपनिरीक्षक, 117 मुख्य आरक्षी, 134 आरक्षी, 60 होमगार्ड/पीआरडी, 45 चौकीदार तथा 01 क्यूआरटी एवं 1.5 प्लाटून पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। कुल 440 पुलिस बल तैनात रहेगा। मूर्ति विसर्जन घाटों पर गोताखोर भी तैनात किए गए हैं।

उन्होंने बताया, जनपद में 35 शोभायात्राएं, 11 पूजा पंडाल, 11वृहद पंडाल, 11 दुर्गा प्रतिमाएं, 10 मंदिर कार्यक्रम, 16 मेले/रामलीला मंच, 14 स्थानों पर रावण दहन और 2 संवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आयोजकों, पीस कमेटी, धर्मगुरुओं और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ 18 गोष्ठियां तथा स्वास्थ्य, विद्युत व अन्य विभागों के साथ 22 गोष्ठियां की हैं।

एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को 14 सूत्रीय दिशा-निर्देश दिए हैं। जिसमें विवादित स्थलों का पूर्व निरीक्षण, नई परंपरा पर रोक, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई, पंडालों में विद्युत व अग्निशमन सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी, एंटी रोमियो टीम की तैनाती और सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश शामिल हैं। रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग और अग्निशमन की विशेष व्यवस्था होगी। गौरतलब है कि जनपद में नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू हो चुके हैं, जबकि दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित