बागपत , जून 07 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में तैनात रहे जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) अनूप तिवारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) जोगेंद्र सिंह को आठ दिन पूर्व हुए रिश्वत प्रकरण मामले में शासन ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

दरअसल, पिलाना ब्लॉक के ग्राम बुढ़सैनी निवासी राशन डीलर नरेंद्र सिंह से खाद्यान्न वितरण के कमीशन के नाम पर 29 मई को जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी ने 40 हजार और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने 10 हजार रुपये लिए थे। उसी समय विजिलेंस की टीम ने छापामारी कर डीएसओ को कार्यालय से ही रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एआरओ टीम को चकमा देकर वहां से अपनी कार से भाग निकले थे।

हालांकि बाद में टीम ने घेराबंदी कर उनको भी हापुड़ जनपद के ग्राम निजामपुर स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया था। दोनों अधिकारियों के खिलाफ विजिलेंस टीम में शामिल सीओ आजाद सिंह केसरी ने बागपत कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। उन दोनों को 30 मई को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित