बागपत , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में चीनी के दाम 65 रुपये किलो के पार पहुंचने और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
शनिवार शाम को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में शहर के यमुना रोड स्थित दो चीनी के गोदामों पर छापा मारा गया।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान टीम को दोनों ही गोदामों में क्षमता से काफी कम स्टॉक मिला। पहला गोदाम व्यापारी अर्पित का बताया जा रहा है, जिसकी क्षमता 4000 क्विंटल है, लेकिन मौके पर मात्र 375 क्विंटल चीनी मिली। वहीं दूसरे गोदाम में सिर्फ 11.5 क्विंटल स्टॉक मिला।
एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि मौके पर कालाबाजारी जैसी स्थिति नहीं मिली, लेकिन स्टॉक कम मिलने पर दोनों संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर स्टॉक की जानकारी अपडेट करने और नया स्टॉक आने पर सत्यापन कराने के आदेश दिए गए हैं। कालाबाजारी करने पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है। छापामारी के दौरान पुलिस उपाधीक्षक सुकन्या शर्मा सहित खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित