बागपत , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक कार के भीतर हरियाणा में तैनात एक एसडीओ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रमाला थाना क्षेत्र में किशनपुर बराल गांव के निकट निर्माणाधीन सीएनजी पंप के पास सड़क किनारे एक कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। बुधवार सुबह करीब चार बजे हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस टीम ने वाहन को देखकर जांच शुरू की।

पुलिस ने पाया कि कार के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे और वाहन के भीतर धीमी आवाज में संगीत बज रहा था। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने कार के अंदर बैठे व्यक्ति को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो चालक सीट पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा था और उसके मुंह से खून निकल रहा था।

जांच के दौरान युवक को मृत पाया गया। पुलिस जब उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही थी, तभी मृतक के मोबाइल फोन पर परिजनों का कॉल आया। पुलिस ने फोन रिसीव कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो यमुनानगर नगर निगम में एसडीओ (उप मंडल अधिकारी) के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार, दीपक कुमार यमुनानगर से अपने घर पलवल जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन बागपत पहुंच गए।

रमाला थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्यदीप सिंह ने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित