बागपत , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में जिले में ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई।

एआरटीओ विपिन कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने जनपद में विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ओवरलोड पाए जाने पर पांच वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया और कुल ढाई लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने और ओवरलोडिंग के कारण होने वाले हादसों को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही माल का परिवहन करें और यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि ओवरलोडिंग न सिर्फ जानलेवा है बल्कि सड़कों को भी नुकसान पहुंचाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित