बागपत , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बड़ौत नगर में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 30 तैयार तमंचे, बड़ी संख्या में अधबने हथियार तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार ने शनिवार को बताया कि बड़ौत कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम को सूचना मिली थी कि नगर क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण का काम संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नहर की पटरी के पास स्थित एक खंडहर इमारत पर छापा मारा, जहां अवैध हथियारों की फैक्ट्री संचालित होती मिली।

उन्होंने बताया कि मौके से सलीम, फरमान और शोएब नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें सलीम मेरठ जनपद के सरूरपुर क्षेत्र का निवासी है, जबकि फरमान और शोएब बागपत जिले के चांदीनगर क्षेत्र के पांची गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 30 तैयार तमंचों के अलावा बड़ी मात्रा में अधबने हथियार, बैरल, स्प्रिंग, लोहे के पार्ट्स और हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री में उपयोग हो रही अन्य सामग्री भी जब्त कर ली है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने तथा हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार ने सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित