बागपत , सितम्बर 30 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के कृषि विज्ञान केंद्र में बुधवार को गन्ने की घटती उत्पादकता को लेकर गन्ना मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों, चीनी मिल प्रतिनिधियों और किसानों ने गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। किसानों की खेत संबंधी समस्याओं के आधार पर वैज्ञानिक और व्यावहारिक समाधान अपनाने तथा उन्नत तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों को किसानों के साथ लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए, ताकि खेतों की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनका प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने किसान, चीनी मिल और कृषि विभाग के बीच तकनीकी संवाद को मजबूत करने तथा सभी पक्षों के समन्वय से किसान हित में कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। बैठक में गन्ने की उत्पादकता में कमी के कारणों, आगामी फसल की गुणवत्ता बेहतर करने, उन्नत कृषि तकनीकों के प्रयोग और उनके व्यापक प्रसार पर मंथन किया गया।

वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में केवीके प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत, गन्ना उत्कृष्टता केंद्र प्रभारी डॉ. विकास मलिक, डॉ. अनंत कुमार, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. देव कुमार, जनपद की तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधि, जिला गन्ना अधिकारी सहित सौ से अधिक किसान मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित