बागपत , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशाें को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बसी गांव के आसपास कुछ संदिग्ध व्यक्ति किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने बसी रोड पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल पर आ रहे तीन संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से तीनों बदमाशों के पैर में चोट आई।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान मेरठ के खरखोदा निवासी जगत उर्फ मामा, अमरोहा निवासी दीपांशु उर्फ भूरा और गौतमबुद्धनगर के छपरौला निवासी अमन उर्फ काला के रूप में हुई है। उनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लगभग 50 किलो चोरी के विद्युत तार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि ये तीनों बदमाश विद्युत तार चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। यह गिरोह बागपत और चांदीनगर क्षेत्र में लगातार विद्युत तार चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस लगातार इनकी तलाश में थी और सूचना मिली थी कि ये किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ खेकड़ा कोतवाली में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित