बागपत , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित दी बागपत को-ऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड के पेराई सत्र 2026-27 का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण सिंह ने विधि-विधान से पूजन कर मिल में गन्ना पेराई कार्य की शुरुआत की।

इस मौके पर बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, राज्यमंत्री केपी मलिक, भाजपा विधायक योगेश धामा सहित भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल के कई नेता मौजूद रहे। मिल परिसर में बड़ी संख्या में किसान और अंशधारक भी पहुंचे।

मंत्री ने बताया कि चीनी मिल से क्षेत्र के करीब 50 हजार किसान जुड़े हैं। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने घोषणा की कि मिल परिसर में जल्द ही एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार गन्ने के मूल्य में वृद्धि कर रही है और आगे भी किसानों के हित में प्रयास जारी रहेंगे। इस पेराई सत्र में समय से गन्ना पेराई और भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री सिंह ने समाजवादी पार्टी नेता एसटी हसन के भगवान राम संबंधी बयान पर कहा कि उन्हें भगवान राम के बारे में सही जानकारी नहीं है और वे बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के सुनहरे सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वे स्वयं को प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति बनने की बात कहने लगें तो इस पर क्या कहा जा सकता है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा-एनडीए की सरकार बनेगी और भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने बागपत को किसानों का क्षेत्र बताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित