बागपत , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, पहचान सत्यापन और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने कहा कि नकल माफिया और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

जिलाधिकारी ने बताया, जनपद में पीईटी -2026 की परीक्षा 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को 10 परीक्षा केंद्रों पर होगी। तीनों दिन दो-दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक पाली में 4,224 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस तरह छह पालियों में कुल 25,344 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया, परीक्षा की निगरानी के लिए 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सभी 10 केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और 516 कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर रहेंगे। बैठक में प्रशिक्षक डॉ. सत्यवीर सिंह ने परीक्षा मानकों पर प्रशिक्षण दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव ने केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी कक्षों में सीसीटीवी क्रियाशील रखने, बिजली, जनरेटर, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने बताया, परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित रहेंगे। केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन होगा।

जिलाधिकारी ने बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए प्रमुख सचिव को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीईटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने और प्रमुख चौराहों पर केंद्रों की जानकारी वाले बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में एसपी पूर्णेन्दु सिंह, एडीएम न्यायिक देवेन्द्र पाण्डेय, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित