बागपत , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के कस्बा खेकड़ा के रहने वाले युवक की नई दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर कुछ युवकों ने लात घुसों से पीट पीटकर हत्या कर दी। रेलवे पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।

शनिवार को दिल्ली के भीड़भाड़ वाले शाहदरा रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद बागपत के खेकड़ा निवासी एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

बताया गया कि खेकड़ा के शेखपुरा मोहल्ला निवासी पंकज धामा (35) शनिवार को डयूटी के बाद खेकड़ा घर आने के लिए दिल्ली स्थित शाहदरा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया गया कि प्लेटफार्म नंबर तीन पर दिल्ली से बागपत की ओर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनकी कुछ यात्रियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवकों के एक समूह ने पंकज पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने पंकज धामा को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

प्लेटफार्म पर मौजूद रेलवे पुलिस बल के एक जवान ने बीच-बचाव करने का प्रयास भी किया, लेकिन हमलावर नहीं रुके और युवक को गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। हमले के दौरान पंकज अचेत होकर प्लेटफार्म पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में पंकज को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। रेलवे पुलिस बल ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जबकि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित