बागपत , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के रमाला गांव निवासी तुषार चौहान को आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने के आरोप में नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि उसका संबंध हिजबुल्ला संगठन की आतंकी गतिविधियों से है। गिरफ्तारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया है और पूरे क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार तुषार ने आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और फरवरी के बाद से वह गांव नहीं आया था। उसकी परवरिश और शुरुआती शिक्षा मेरठ में हुई थी। गांव में उसका पैतृक मकान पूरी तरह खंडहर हो चुका है, जिससे परिवार का गांव से संपर्क काफी कम हो गया था। बताया जाता है कि तुषार के दादा गोवर्धन सिंह स्वतंत्रता सेनानी थे। उसके पिता शैलेंद्र मेरठ के गंगानगर क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं, जबकि गांव में उसके चाचा खेती-बाड़ी करते हैं। तुषार के पकड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने उससे रिश्ता तोड़ने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित