जयपुर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने गुरुवार को राजधानी जयपुर में पश्चिम क्षेत्र संस्कृतिक केंद्र के तत्वाधान में आयोजित "ऑक्टेव 2026" को शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री बागडे ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के अनूठे सांस्कृतिक प्रदेश हैं। इन्हें अष्टलक्ष्मी इसीलिए कहा गया है कि यह जैव विविधता, अपनी समृद्ध प्रकृति और सांस्कृतिक धरोहर के कारण धन धान्य से परिपूर्ण है। उन्होंने ऑक्टेव शब्द की चर्चा करते हुए कहा कि यह लेटिन शब्द है। संगीत में आठवें स्वर रूप में यह संगीत के स्वरों के बीच का अन्तराल होता है। उन्होंने कहा कि ऑक्टेव इस रूप में हमारी सांस्कृतिक समझ को बढाने वाला उत्सव है।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्य असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम हमारे देश की सांस्कृतिक निधि हैं। इन प्रदेशों के कलाकार वहां की संस्कृति का जीवन्त प्रदर्शन करने वाले हैं। उन्होंने राजस्थान में पूर्वोत्तर के कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ इन राज्यों के उत्पाद भी बहुत महत्वूर्ण है। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित उत्पादों को आम जन से अधिकाधिक क्रय करने का भी आह्वान किया।
"ऑक्टेव 2026" में पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों के 200 से भी अधिक कलाकारों ने वहां के विविध नृत्यों का समागम प्रस्तुत किया। इसमें पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति से जुड़े 16 लोक नृत्य सम्मलित थे। कलाकारों ने विशेष रूप से पूर्वोत्तर की प्रकृति, वहां की संस्कृति में समायी सुगंध और परंपराओं को अपने संगीत, नृत्य प्रदर्शन में जीवंत किया। इन कलाकारों की प्रस्तुतियां देखकर उपस्थितजन भाव विभोर हो उठे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित