कोटपूतली-बहरोड़ , अक्टूबर 27 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने मंगलवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा स्थित हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड के संयंत्र में राजस्थान पुलिस के लिए 30 मोटरसाइकिलों को झंडी दिखाकर रवाना किया।

श्री बागडे ने राइजिंग नीमराणा कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल में सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने हीरो मोटोकॉर्प की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित 'राइड सेफ इंडिया' कार्यक्रम के तहत राजस्थान पुलिस को मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।

राज्यपाल ने सुरक्षित वाहन संचालन को सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए यातायात नियमों की पालना के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने इस प्रकार की पहलों को सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

हीरो मोटोकॉर्प की ओर से राजस्थान पुलिस को हेलमेट सहित प्रदान की गईं 30 मोटरसाइकिलों से पुलिस की गश्त व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इन वाहनों से पुलिस को अपने दायित्वों के निर्वहन में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने में सहायता मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित