नागौर , फरवरी 21 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने शनिवार को नागौर जिले में पांचडोलियां गांव में ग्रामीणों से संवाद किया और इस दौरान उनकी प्रेरणा से राजस्थानी प्रवासी दरड़ा परिवार ने पांचडोलियां उच्च प्राथमिक विद्यालय में भवन एवं कमरा निर्माण कराने की घोषणा की।
श्री बागडे ने ग्रामीणजनों के लिए क्रियान्वित विकास योजनाओं के बारे में चर्चा करते हुए उन्हें विकास में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान राज्यपाल ने राजस्थानी प्रवासी दरड़ा परिवार को अपनी जन्मभूमि के लिए विकास कार्य के लिए प्रेरित किया और उनकी प्रेरणा से महाराष्ट्र में लोकमत संचार समूह के प्रवासी विजय दरड़ा परिवार ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में भवन एवं कमरा निर्माण करवाने के लिए सहमति प्रदान करते हुए इसके लिए मौके पर ही घोषणा की।
श्री बागडे ने कहा कि गांवों का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रवासी आगे आकर इसमें सहयोग कर सकते हैं, उन्हें प्रेरित करने की आवश्यकता है। उन्होंने दरड़ा परिवार का आभार जताया।
मेड़ता प्रवास के दौरान राज्यपाल पूर्व की केंद्रीय मंत्री एवं किसान आयोग अध्यक्ष सी आर चौधरी के आग्रह पर उनके धाधलास उदा गांव भी पहुंचे जहां श्री चौधरी ने राज्यपाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित