टोंक , अक्टूबर 11 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे के मुख्य आतिथ्य में आध्यात्मिक एवं धार्मिक नगरी टोंक में रविवार को मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर कार्यक्रम में श्री बागडे के मुख्य अतिथि के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक आश्रम के शुभारंभ के साक्षी बने। आश्रम परिसर में आयोजित समारोह का शुभारंभ गौमाता के पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात भारत माता की आरती की गई। इस दौरान गौसेवा, राष्ट्रसेवा, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के प्रति श्रद्धा का भाव आयोजन में दिखाई दिया।

श्री बागडे ने सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और राष्ट्र के सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सनातन परंपरा की प्रासंगिकता तथा भारत की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम की स्थापना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराने, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा समाज में सेवा और संस्कार की भावना को प्रोत्साहित करने से जुड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित