जयपुर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोलकाता में चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।
श्री शर्मा ने कहा कि कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस दुखद घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महामंत्री एवं पंजाब और जम्मू-कश्मीर के पार्टी प्रभारी डॉ सतीश पूनियां ने भी इस हादसे को को अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक बताया और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित