जयपुर , जनवरी 15 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को भारतीय सेना के 78वां सेना दिवस मनाने के बाद इसके उपलक्ष्य में शौर्य संध्या का आयोजन किया गया जिसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मिजोरम के राज्यपाल वी. के. सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

सवाई मानसिंह स्टेडियम में शौर्य संध्या का आयोजन किया गया। इसमें उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ प्रेम चंद बैरवा तथा थल सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं सैनिक एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। इस दौरान रक्षा मंत्री ने फर्स्ट डे कवर का अनावरण करने के साथ मां भारती के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को मरणोपरांत सम्मानित किया। श्री राजनाथ सिंह द्वारा पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों, वीर नारियों आदि को विभिन्न कल्याण योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए प्रोजेक्ट नमन के सौवें केंद्र का सूरतगढ़ में ऑनलाइन शुभारंभ किया गया।

शौर्य संध्या में भारतीय सेना की वीरता और साहस पर निर्मित मल्टीमीडिया फिल्म देखी गई और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाद में सेना द्वारा एक हजार ड्रोन का मनोहारी प्रदर्शन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित