जयपर , अप्रैल 19 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं भाजपा के कई नेताओं ने पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रख्यात लेखक बलबीर पुंज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री बागडे ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री पुंज के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। वह प्रखर राष्ट्रवाद के पर्याय और वैचारिक स्पष्टता के धनी थे। उन्होंने अपनी लेखनी और बौद्धिक विमर्श के माध्यम से सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनका जाना सार्वजनिक जीवन और पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों एवं उनके समर्थकों को यह वज्रपात सहने का संबल प्रदान करें।

श्री देवनानी ने कहा कि श्री पुंज के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। वह प्रखर राष्ट्रवाद, सशक्त वैचारिकता और निर्भीक लेखनी के प्रतीक थे। उन्होंने अपने विचारों और लेखों के माध्यम से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज को दिशा देने का कार्य किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव हम सभी को प्रेरित करता रहेगा। उनका निधन राजनीतिक, सामाजिक और पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों एवं उनके समर्थकों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्री राठौड़ ने भी श्री पुंज के निधन के समाचार को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि उन्होंने अपने विचारों, लेखनी और सार्वजनिक जीवन के माध्यम से राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखा। उनकी स्पष्ट सोच और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेमचंद बैरवा सहित कई नेताओं ने श्री पुंज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित