जयपुर , जुलाई 23 -- राजस्थान में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर के कुलगुरु प्रोफेसर सुरेश कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को यहां राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ किसनराव बागडे को विश्वविद्यालय की प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
प्रोफेसर अग्रवाल ने लोक भवन में श्री बागडे से शिष्टाचार भेंटकर विश्वविद्यालय में अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष के दौरान शिक्षा, अनुसंधान, प्रशासनिक सुधार, नवाचार, आधारभूत संरचना विकास तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन सहित विभिन्न क्षेत्रों में संपादित उल्लेखनीय उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन कुलाधिपति को प्रस्तुत किया।
प्रतिवेदन का अवलोकन करते हुए श्री बागडे ने विश्वविद्यालय में गत एक वर्ष के दौरान किये गये कार्यों को "एक सशक्त एवं सकारात्मक शुरुआत" बताते हुए प्रो. अग्रवाल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता, प्रशासनिक पारदर्शिता, नवाचार तथा संस्थागत विकास की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकासोन्मुख कार्यशैली पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस मौके प्रो. अग्रवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी प्रशासन, अनुसंधान प्रोत्साहन, नवाचार, डिजिटल परिवर्तन तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित