नयी दिल्ली , मई 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने और वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है तथा सवाल किया है कि उनके विदेश दौरे का खर्च कौन उठाता है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री गांधी के विदेश दौरे का ब्योरा दिया और कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए श्री गांधी पिछले 22 वर्ष में 54 बार विदेश यात्रा पर गये और इन दौर पर 64 करोड़ रुपये से अधिक खर्च आया, जो एक बड़ी जांच का विषय है।

उन्होंने बताया कि श्री गांधी ने जिन देशों के दौरे किये, उनमें इटली, ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम, कंबोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश शामिल है। इसके अलावा तीन मई 2026 को एक्स और सोशल मीडिया के पोस्ट पर जो तस्वीरें शामिल आई हैं और जो अघोषित यात्रा रही उसमें मस्कट और ओमान भी शामिल है।

उन्होंने सवाल किया कि आखिर श्री गांधी की इतनी महंगी यात्राओं का खर्च कौन उठाता है। उन्होंने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि श्री गांधी इन यात्राओं का प्रायोजक कौन है और इसके पीछे के असली इरादे क्या हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित