चंडीगढ़ , फरवरी 26 -- हरियाणा में पहली बार पर्यटन विभाग के 22 टूरिस्ट कॉम्प्लेक्सों में पांच दिवसीय रंगोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा।

विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने हरियाणा सिविल सचिवालय में पोस्टर लॉन्च कर कार्यक्रम की शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी से चार मार्च तक चलने वाले इस उत्सव का उद्देश्य आमजन, परिवारों, कॉरपोरेट समूहों, आरडब्ल्यूए और विभिन्न संगठनों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ना है।

श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग लगातार नये आयोजनों के माध्यम से लोगों को जोड़ रहा है। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला दिवाली मेला, पिंजौर का मैंगो मेला और बैसाखी मेले के बाद अब होली पर विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गयी है।

रंगोत्सव के दौरान डीजे हरियाणवी कलाकारों की प्रस्तुतियां रेन डांस जोन ऑर्गेनिक कलर जोन किड्स प्ले जोन तथा पारंपरिक फाग और रागनी जैसे लोक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। गुरुग्राम, फरीदाबाद, करनाल, रोहतक और पंचकूला जोन के टूरिस्ट कॉम्प्लेक्सों में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।

हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता ने बताया कि सूरजकुंड, बड़खल लेक, अरावली गोल्फ कोर्स, मैगपाई, राजा नाहर सिंह, सोहना, दमदमा, होडल, बहादुरगढ़, धारूहेड़ा, रेवाड़ी, पिंजौर, मोरनी, अंबाला, पीपली, करनाल, राई, रोहतक और भिवानी सहित विभिन्न टूरिस्ट स्थलों पर आयोजन होंगे। पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि रंगोत्सव से प्रदेश में पर्यटन को नयी गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित