बैतूल , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के गंज थाना क्षेत्र में राम बोलो चौक ब्रिज के पास आज हुए सड़क हादसे में एक होटल कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसा बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद एक कार की चपेट में आने से हुआ।

पुलिस के अनुसार बिजासनी निवासी राजू पिता अन्ना (27) बाइक से शहर की ओर जा रहा था। वह एक होटल में सहायक प्रबंधक के रूप में कार्यरत था और नाइट ड्यूटी के लिए जा रहा था। इसी दौरान महाराष्ट्र निवासी सागर पिता धर्मराज घुड़देव स्कूटी से जा रहा था। राम बोलो चौक ब्रिज के पास दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद वहां से गुजर रही एक सफेद कार ने भी दोनों वाहनों को टक्कर मार दी।

हादसे में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सागर को भी चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान राजू की मृत्यु हो गई, जबकि सागर को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार राजू का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व हुआ था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। वह अपनी पत्नी माया के साथ बैतूल बाजार क्षेत्र में रहता था। उसकी पत्नी हाथनौरा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में पदस्थ हैं। अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार दुर्घटना में शामिल कार का पंजीयन क्रमांक एमपी-48-सी-8144 है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

इधर, मृतक के परिजनों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घायल को समय पर उचित उपचार नहीं मिला और परिजनों के अस्पताल पहुंचने से पहले ही शव को मर्चुरी में भेज दिया गया। हालांकि अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित