कपूरथला , मार्च 4 -- पंजाब में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी रोड पर बुधवार शाम एक बाइक और एक्टिवा की टक्कर होने से दो बच्चों सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों में से एक दीपक की पत्नी मोनिका ने बताया कि वह अपने भाई के साथ रामीदी गांव से बाइक पर अपने गांव जा रही थीं। जब वे सुल्तानपुर लोधी रोड पर गांव खैहरा मंदिर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी एक्टिवा सवार एक व्यक्ति ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मोनिका के अनुसार, एक्टिवा ड्राइवर अपने दोस्तों के साथ होली खेल रहा था। इस टक्कर में मोनिका, उनके भाई अमरपाल और बच्चे साक्षी व अंश घायल हो गए। एक्टिवा ड्राइवर भी चोटिल हुआ, जिसे स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सभी घायलों का इलाज कर रहे हैं। घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित