जयपुर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बांसवाड़ा जिले में वन रेंज गढ़ी के तलवाड़ा वन नाका के वनरक्षक भूपेश पाटीदार को एक मामले में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। ब्यूरो के सूत्रों के अनुसार एसीबी की बांसवाड़ा इकाई को शिकायत मिली कि परिवादी वन विभाग के क्षेत्र के बाहरी क्षेत्र की वन भूमि पर काफी समय से काबिज होकर कृषि कार्य करता आ रहा था और इस भूमि के संबंध में वन विभाग द्वारा पट्टे के लिए सत्यापन कर पत्रावली तैयार कर आगे भेजी जा रही थी। इस पट्टा पत्रावली को आगे बढ़ाने एवं वन पट्टा पत्रावली देने की एवज में वनरक्षक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

इस पर रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी भूपेश पाटीदार द्वारा परिवादी की पट्टा फाइल देने की एवज में वार्ता के दौरान छह हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग की गयी। परिवादी द्वारा निवेदन करने पर आरोपी ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति व्यक्त की गयी।

इस पर एसीबी टीम द्वारा ट्रेप कार्रवाई की गयी और इस दौरान श्री पाटीदार को परिवादी से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित