भीलवाड़ा , जून 29 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध मेजा बांध में सोमवार को एक युवक के डूबने की आशंका के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया।
घटना स्थल पर युवक की मोटर साइकिल और मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिलने से परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में गहरी चिंता व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पासल निवासी रोहित सिंह (23) के पिता ने सोमवार को उसके मोबाइल फोन पर कॉल करके पूछा था कि वह इस समय कहां है। इस पर रोहित ने जवाब दिया था कि वह मेजा बांध पर मौजूद है। इस बातचीत के कुछ देर बाद जब पिता ने उसे दोबारा कई बार कॉल किया, तो रोहित ने फोन रिसीव नहीं किया। लगातार फोन नहीं उठने से चिंतित परिजन किसी अनहोनी की आशंका के चलते खुद तलाश करते हुए मेजा बांध पहुंचे।
बांध पर पहुंचने पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गयी, जब उन्होंने बांध की पाल के नजदीक ही रोहित की बाइक और उसका मोबाइल फोन लावारिस हालत में पड़ा देखा। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना मांडल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मांडल थानाधिकारी रोहिताश्व यादव पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों को मौके पर बुलवाया और उनकी मदद से बांध के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया। अब तक पानी में डूबे युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस एवं गोताखोरों द्वारा तलाशी अभियान जारी है। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित