भरतपुर , अगस्त 08 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना में जिले के सबसे बड़े बांध बंध बारैठा के भराव क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद बांध में पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने कुकुन्द नदी के बहाव क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लिए चेतावनी जारी की है।

विभागीय सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 27 फुट की क्षमता के मुकाबले बांध में 26.60 फुट पानी के गेज को देखते आज बयाना इलाके या पहाड़ों में बारिश होने पर बांध के गेट कभी भी खोले जा सकते हैं।

मौसम विभाग की तरफ से जिले में तेज बारिश की चेतावनी के बाद कुकुन्द नदी के बहाव क्षेत्र वाले नारौली, कोठीखेड़ा, सूपा पुराबाई खेड़ा, माढ़ापुरा, सादपुरा, नगला खटका, संतोकपुरा सहित कई गांवों में प्रशासन ने चेतावनी जारी की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित