उमरिया , जून 13 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ग्राम झलवार में 24 घंटे के भीतर बाघ के हमले की दूसरी घटना में एक युवक की मृत्यु हो गई। इससे पहले इसी गांव में बाघ के हमले में एक महिला की मृत्यु हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर क्षेत्र की कूदरी बीट अंतर्गत ग्राम झलवार में आज बाघ ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में कल्याण सिंह (लगभग 30 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया गया है कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने हाथियों की सहायता से बाघ को आबादी क्षेत्र से दूर जंगल की ओर खदेड़ने की कार्रवाई की, जिसमें सफलता मिली। इसके बाद अधिकारियों ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अमरपुर उप स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
लगातार हो रही बाघ हमले की घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि ग्राम झलवार में 24 घंटे के भीतर बाघ हमले की यह दूसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित