उमरिया , मई 28 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को धैर्यपूर्वक संभालने वाली महिला वन परिक्षेत्र अधिकारी अंजू वर्मा को टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सम्मानित किया है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि 24 मई को पनपथा परिक्षेत्र के खेरवा गांव में बाघ के हमले में एक महिला की मृत्यु के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। इस दौरान पतौर वन परिक्षेत्र की वन परिक्षेत्र अधिकारी अंजू वर्मा ने मौके पर डटे रहकर धैर्य और साहस का परिचय दिया।
उन्होंने बताया कि अंजू वर्मा ने तनावपूर्ण स्थिति के बीच घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ ही बाघ के जीवन की रक्षा का भी प्रयास किया। ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति के बावजूद उन्होंने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद स्थापित कर स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए टाइगर रिजर्व प्रबंधन की ओर से 25 हजार रुपए की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया। अंजू वर्मा वर्ष 2016 बैच की वन परिक्षेत्र अधिकारी हैं और वर्तमान में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर वन परिक्षेत्र में पदस्थ हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित