उमरिया , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सोमवार को पांच दिवसीय हाथी महोत्सव एवं हाथी पुनर्यौवनीकरण शिविर सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मानपुर क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व मंत्री मीना सिंह सहित एक हजार से अधिक लोग शामिल हुए। इस दौरान महावतों और प्रशिक्षु वन रक्षकों के बीच रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि सोमवार 28 सितंबर को हाथी महोत्सव एवं हाथी पुनर्यौवनीकरण शिविर के पांचवें एवं अंतिम दिन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक एवं पूर्व मंत्री मीना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में श्रीमती सिंह ने हाथियों और उनके संरक्षण के विषय पर लोगों को जानकारी दी। उन्होंने हाथियों द्वारा खेतों में की जा रही फसल क्षति के मामलों में राजस्व एवं वन विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने कर्मा और सैला नृत्य की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में सभी हाथियों को फल खिलाकर गज-भोज कराया गया। हाथी के बच्चे कृष्णा आकर्षण का केंद्र रहे। महावतों और प्रशिक्षु वन रक्षकों के बीच पारंपरिक रस्साकशी प्रतियोगिता ने दर्शकों का मनोरंजन किया। प्रतियोगिताओं में विजेता महावतों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मुख्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया।

क्षेत्र संचालक के अनुसार हाथी महोत्सव एवं हाथी पुनर्यौवनीकरण शिविर का उद्देश्य पालतू हाथियों, महावतों और चाराकटरों को अवकाश प्रदान करने के साथ हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण करना, उन्हें पसंदीदा भोजन उपलब्ध कराना और विशेष देखभाल करना है। इसके साथ ही स्थानीय समुदाय को हाथियों को निकट से जानने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित