उमरिया , जून 05 -- मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान चार वाहन चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि पर्यटक वाहनों और चालकों की सघन जांच के दौरान 20 पर्यटक वाहनों में विभिन्न प्रकार की खामियां पाई गईं। इनमें से 16 वाहन चालकों को समझाइश देकर चेतावनी दी गई, जबकि चार वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान टाइगर रिजर्व में कार्यरत गाइडों की भी जांच की गई तथा उन्हें पर्यटन नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य संरक्षित क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करना तथा वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित