उमरिया , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणी सप्ताह 2026 का समापन समारोह बुधवार को ताला वन परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में लोक नृत्य, जागरूकता नाटिका, कविता पाठ, भाषण और लोक गायन के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया गया। स्कूली बच्चों और प्रशिक्षु वनरक्षकों में आयोजन को लेकर उत्साह रहा।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान आयोजित चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चरवाहा सम्मेलन और जन-जागरूकता रैली सहित विभिन्न गतिविधियों का समारोह में विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
समारोह में स्कूली बच्चों और प्रशिक्षु वनरक्षकों ने वन्यजीव संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खितौली की छात्रा परिधि ओझा एवं उनके समूह ने लोक नृत्य प्रस्तुत किया। शासकीय उच्च विद्यालय ताला के विद्यार्थियों और जैव विविधता प्रशिक्षण केंद्र ताला के प्रशिक्षु वनरक्षकों ने मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व एवं संरक्षण का संदेश देती नाटिका प्रस्तुत की।
सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मानपुर की छात्रा कृतिका पटेल, टीपीएफ परिक्षेत्र ताला के श्री अशोक प्रधान और प्रशिक्षु वनरक्षकों ने कविता पाठ किया। वनरक्षक धमोखर बफर श्री चंद्रभान सिंह ने लोक गायन और परिधि ओझा ने भाषण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित