उमरिया , मई 18 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के समीप ताला-मानपुर मार्ग पर कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सरमनिया मोड़ के पास तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार मानपुर निवासी हैदर खान (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनका पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के बाद ताला चौकी पुलिस की मदद से घायल अनिल रजक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के बाद समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे घायल की हालत लगातार बिगड़ती गई। उनका कहना है कि समय पर बेहतर उपचार मिलने पर अनिल रजक की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित