उमरिया , मई 22 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के हाथी रेस्क्यू दल ने अनूपपुर और शहडोल जिलों में पिछले 47 दिनों से उत्पात मचा रहे एक बिगड़ैल हाथी का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया है।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार इस हाथी के हमलों में चार लोगों और आठ पालतू पशुओं की मृत्यु हुई थी, जबकि दो बालक, एक व्यक्ति और कुछ पालतू पशु घायल हुए थे।
सूत्रों ने बताया कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रेस्क्यू दल ने रामा, लक्ष्मण और सूर्या नामक प्रशिक्षित हाथियों की सहायता से केशवाही वन परिक्षेत्र की रामपुर बीट अंतर्गत बेरिहा और बेलिया गांव के बीच स्थित जंगल क्षेत्र में खोजबीन कर बिगड़ैल हाथी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
हाथी विशेषज्ञों के अनुसार दंतैल हाथी की उम्र लगभग 18 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है। बताया गया है कि यह हाथी 30 मार्च से छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत जडगा वन परिक्षेत्र में डेरा डाले हुए 48 से अधिक हाथियों के समूह का सदस्य रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित