उमरिया , जून 20 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर जोन में एक मादा भालू का शव मिला है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि शुक्रवार को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा सब डिवीजन के पनपथा बफर परिक्षेत्र के बीट जगुआ में वन अमले द्वारा नियमित गश्ती के दौरान एक मादा भालू के शव पाए जाने की सूचना प्राप्त हुई।

घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी एवं तत्काल घटना स्थल को चारों तरफ से सुरक्षित किया गया तथा आसपास के क्षेत्र में सघन खोज की गयी। कुछ भी संदेहास्पद नहीं पाया गया। रात्रि में शव को सुरक्षित रखा गया।

उन्होंने बताया कि शनिवार को क्षेत्र संचालक बांधवगढ की उपस्थिति में डॉ अभय सेंगर, वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, संजय टाइगर रिजर्व, सीधी द्वारा शव विच्छेदन एवं परीक्षण किया गया तथा प्रयोगशाला परीक्षण हेतु आवश्यक सैंपल सुरक्षित एकत्र किए गए। मृत भालू की आयु लगभग आठ से नौ वर्ष पायी गई। शव विच्छेदन उपरांत शासन द्वारा जारी दिशानिर्देश का पालन करते हुए शवदाह किया गया।

उन्होंने बताया कि भालू की मृत्यु का कारण प्रथम दृष्टया प्राकृतिक मौत होना पाया गया। घटना की अग्रिम विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित