उमरिया , मई 19 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिला स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे पनपथा-पतौर मार्ग पर सोमवार को जंगली हाथियों का झुंड दिखाई देने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

वन विभाग सूत्रों के अनुसार हाथियों का झुंड काफी देर तक मार्ग पर मौजूद रहा, जिसके कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। इस दौरान दूर खड़े राहगीरों ने हाथियों की गतिविधियों को देखा और वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

बताया गया कि हाथियों के झुंड में बच्चे भी शामिल थे, जिनकी गतिविधियों को देखकर लोग रोमांचित होते रहे। हालांकि मार्ग पर यातायात बाधित होने से भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने बताया कि पनपथा-पतौर मार्ग के आसपास इन दिनों जंगली हाथियों की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। उन्होंने राहगीरों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब न जाने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित