बांदा , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के बांदा रेलवे स्टेशन से चोरी हुए दो वर्षीय बच्चे को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने सोमवार को बताया कि कमासिन थाना क्षेत्र के अमलोखर गांव निवासी श्याम प्रकाश की पत्नी आरती अपने दो वर्षीय पुत्र के साथ परिवार सहित मुंबई जाने के लिए बांदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान उनका बच्चा अचानक लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और बांदा पुलिस सक्रिय हो गई। बच्चे की तलाश के लिए तत्काल संयुक्त टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और त्रिनेत्र एप की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने महोखर बाईपास के निकट घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नहर के पास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिंदवारी निवासी किशन के रूप में हुई है। उसे आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सुपुर्द कर दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्चे को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर मां आरती भावुक हो गईं और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम को धन्यवाद दिया।
जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी किशन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित