बांदा , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बिसंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत यूपी एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने गुरुवार को एक डीसीएम से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध कोडिन सिरप की 30 हजार बोतलें बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक डीसीएम में अवैध कोडिन सिरप ले जाया जा रहा है और उसके आगे एक कार एस्कॉर्ट कर रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ की प्रयागराज टीम ने बिसंडा थाना पुलिस के साथ घेराबंदी कर डीसीएम और एस्कॉर्ट कर रही कार को रोक लिया।
तलाशी के दौरान डीसीएम से कोडिन सिरप की 30 हजार बोतलें बरामद हुईं, जिनकी बाजार कीमत करीब 60 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने डीसीएम चालक और कार सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिसंडा क्षेत्र के नहर पुरवा गांव निवासी धीरेंद्र, अतर्रा कस्बे की लखन कॉलोनी निवासी प्रवीण उर्फ लकी, रामलीला मैदान निवासी रोहित तथा हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के भैना गांव निवासी शेखर के रूप में हुई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि एसटीएफ ने आरोपियों से पूछताछ की है और कोडिन सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित