बांदा , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की नरैनी थाना पुलिस ने गिरोह बनाकर चोरी, नकबजनी और हत्या के प्रयास जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्धपुर गांव निवासी अरुण संगठित गिरोह बनाकर चोरी, नकबजनी और हत्या के प्रयास जैसे अपराध करता था। उसके विरुद्ध बांदा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पांच गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
नरैनी थाना पुलिस ने उसे चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मार्ग से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह वहां मौजूद था। पुलिस के अनुसार इससे पूर्व सात मार्च को इसी गिरोह के एक अन्य सदस्य, नरैनी थाना क्षेत्र के राजनगर निवासी रवि को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित