बांदा , मई 27 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अवैध बालू और मोरम खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 खनन पट्टाधारकों को आठ करोड़ चार लाख 57 हजार 810 रुपये के अर्थदंड की वसूली के नोटिस जारी किए हैं।
बुधवार शाम जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार मई माह में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस, खनन तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टास्क फोर्स गठित कर 10 मोरम खदान पट्टों की जांच कराई गई। जांच में हजारों घन मीटर बालू और मोरम के अवैध खनन एवं परिवहन का मामला सामने आया।
विज्ञप्ति में बताया गया कि जांच के दौरान अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 132 वाहनों को भी पकड़ा गया। इन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 32 लाख 38 हजार 780 रुपये का राजस्व वसूला गया है। इसके अलावा 12 वाहनों के खिलाफ न्यायालय में वाद भी प्रस्तुत किए गए हैं।
टास्क फोर्स की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित 10 खनन पट्टाधारकों पर कुल आठ करोड़ चार लाख 57 हजार 810 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है और अर्थदंड की वसूली के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित