बांदा , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मटौन्ध थाना क्षेत्र में स्थित एक सीमेंट पटिया प्लांट में मुनीम को नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने गुरुवार को बताया कि बांदा नगर कोतवाली क्षेत्र के भरखरी गांव निवासी पुष्पेंद्र (32) मटौन्ध थाना क्षेत्र के खैराडा गांव में स्थित एक सीमेंट पटिया प्लांट में मुनीम है। बीती देर रात्रि पटिया प्लांट पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने मुनीम से प्लांट का गेट खोलने को कहा। मुनीम पुष्पेंद्र ने गेट खोलने का कारण पूछा। जिस पर बदमाशों ने उस पर फायरिंग की। पहली चली गोली में पुष्पेंद्र बच गया। लेकिन दूसरी गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिये जिला अस्पताल भेजा गया। नकाबपोश बदमाश बोलेरो से महोबा की ओर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना का कारण फिलहाल अज्ञात है। घटना के बाद बांदा और सीमावर्ती जिलों में नाकेबंदी कराई गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस ने संदिग्ध स्थानों में दबिश अभियान शुरू किया है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित