बांदा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में सोमवार को पति के एक थप्पड़ से क्षुब्ध पत्नी ने फंदे में झूल कर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन ग्रामीण के मजरा कोरिहा पुरवा निवासी अरविंद की पत्नी मंटू देवी (25) ने आज कमरे के अंदर छप्पर की धन्नी में दुपट्टा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली कर ली। कुछ देर बाद ससुर ने उसका शव फंदे पर लटकता देखा और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस को मृतका के पति ने बताया कि उसकी मां गुलिनिया काफी दिनों से बीमार है। उसे इलाज करवाने जाना था। उसने पत्नी से खाना बनाने को कहा। पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनो में विवाद हो गया। गुस्से में उसने पत्नी को एक थप्पड़ मार दिया। इसी से नाराज होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दूसरी और देवखेर गांव निवासी मृतका के पिता शिवमोहन ने बताया कि उसने अपनी बेटी मंटू देवी की शादी चार साल पहले की थी। उसने ससुराली जनों पर हत्या का आरोप लगाया और कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगा।
पुलिस ने कहा घटना की विस्तृत जांच शुरू की गई है। विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिक कार्यवाही होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित