बांदा , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के फतेहगंज थाना क्षेत्र में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को 500 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में रविवार को निलंबित कर दिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि फतेहगंज थाना क्षेत्र में तैनात कांस्टेबल वीर सिंह से जुड़ा एक पुराना वीडियो सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित हुआ, जिसमें वह एक व्यक्ति से 500 रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच अतर्रा क्षेत्राधिकारी से कराई। जांच के दौरान वीडियो और अन्य तथ्यों की विस्तृत पड़ताल की गई, जिसमें कांस्टेबल वीर सिंह के विरुद्ध लगाए गए आरोप सही पाए गए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर कांस्टेबल वीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। यदि आगे भी कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित