बांदा , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने आशनाई को लेकर एक युवक की हत्या कर मोटरसाइकिल समेत उसे नदी में फेंकने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि नहरी गांव निवासी बरकत (30) वाहन चालक था। वह दूसरों के कार व ट्रैक्टर चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार को शाम वह मोटरसाइकिल से लवरेटा गांव गया था। शनिवार की रात्रि बरकत का शव क्योटरा गांव के निकट बागेन नदी से बरामद किया गया था। शव के गले में धार हथियार से रेते हुए चिन्ह मिले थे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें गला रेत कर हत्या की पुष्टि हुई थी। घटना का मुकदमा मृतक के पिता जिलेदार द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ने घटना के अनावरण ही हेतु पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीम द्वारा मामले की विस्तृत जांच कर छानबीन की गई। जिसमें स्पष्ट हुआ की घटना के दो दिन पूर्व परिवार की एक महिला से बात करने के लिए मृतक द्वारा मना करने पर अभियुक्तों से उसका विवाद हुआ था। जिसके चलते उसकी हत्या कर शव मोटरसाइकिल समेत बागेन नदी में फेंक दिया गया था।
उन्होंने बताया कि पोस्टपेड रिपोर्ट और विस्तृत जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पुकारी गांव के अंश शंकर बाजार निवासी चुनबदा उर्फ रमेश व रामबाबू और पुकारी गांव निवासी अरुण को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जिनकी निशादेही पर नदी में फेंकी गई मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में अपना जुर्म भी कबूल किया। जिसके बाद उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर आज उन्हें जेल भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित