बांदा , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में रविवार को हुई सशस्त्र मुठभेड़ में लाखों रुपए के लूट के जेवरात सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने घर में घुसकर लूट की घटना का खुलासा किया।
सशस्त्र मुठभेड़ में आत्मरक्षार्थ चली पुलिस की गोली पैर में लगने से घटना का प्रमुख सरगना बदमाश घायल हो गया जिसे उपचार हेत तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि एक मई को सूचना मिली कि बदौसा थाना क्षेत्र की नानंदमऊ गांव में बिजली कर्मचारी बनाकर मीटर चेक करने के बहाने रजुलिया नामक महिला के घर तीन बदमाश घुस गए और वहां तमंचे की नोक पर लाखों रुपए की नगदी और जेवर आदि लूटकर फरार हो गए थे। सूचना पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर घटना का पर्दाफाश करने हेतु टीमों का गठन किया।
उन्होंने बताया कि आज तुर्रा गांव की निकट सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। तभी बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। मौके पर आत्मरक्षार्थ चली पुलिस की गोली से बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव निवासी आदेश प्रमुख सरगना पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे घेरकर पुलिस ने उसके साथी बबेरू थाना क्षेत्र के सतन्याव गांव निवासी उमेश सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार कथित लुटेरों के कब्जे से पुलिस ने घटना में लूट गए लाखों रुपए के सोने के जेवर , दो तमंचे , खाली व जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल आदि बरामद की।
उन्होंने बताया कि घायल कथित सरगना बदमाश को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया और एक अन्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित