बांदा , नवंबर 10 -- उत्तर प्रदेश के बांदा नगर में आयोजित दस दिवसीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं माटी कला महोत्सव मंगलवार शाम संपन्न हो गया। बांदा में आयोजित दस दिवसीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं माटी कला महोत्सव का भव्य शुभारंभ 1 नवंबर को प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने किया एवं आज यहां आयोजित समापन समारोह में विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का विधिवत समापन किया।
इस अवसर पर 10 दिवसीय प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग से संबंधित लगभग 100 और माटी कला से जुड़े लगभग 100 स्टॉल लगाए गए। प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर अवसर मिला। जहां हजारों नागरिकों ने पहुंचकर माटी कला और खादी ग्रामीण उद्योग के उत्पादों की बड़े पैमाने पर खरीदारी की। और प्रदर्शनी में लगातार 10 दिन तक चहल-पहल बनी रही।
समापन समारोह के अवसर पर आज कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री मदन मोहन वर्मा, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी झांसी श्री राम किशोर गुप्ता, कुशल उद्यमी एवं समाजसेवी श्री महेंद्र भटनागर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी, माटी कला एवं खादी ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों पारस ग्रामोद्योग संस्थान देहरादून को प्रथम, बांदा के बिनोवा भावे सेवा संस्थान के कौशल किशोर दीक्षित को द्वितीय, और रसराज ग्रामोद्योग संस्थान, प्रयागराज के राजीव शुक्ल को तृतीय स्थान प्रदान कर सम्मानित किया गया । साथ ही इसी क्रम में महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जनसामान्य तक इसकी गतिविधियों को पहुंचाने वाले सहयोगी 3 सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी सम्मानित किया गया।
दस दिवसीय इस महोत्सव का सफल आयोजन स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्पकला, खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करने तथा वोकल फॉर लोकल एवं आत्मनिर्भर भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। समारोह का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित